Report by : CWN Desk
Published at :
कुमाऊं में बर्ड फ्लू का खतरा, हजारों मुर्गियों की मौत, पोल्ट्री फार्मों में सख्त अलर्ट

भीमताल। तराई-भाबर के बाद अब बर्ड फ्लू का संक्रमण पहाड़ में भी दस्तक दे चुका है। भीमताल ब्लॉक के ग्राम पंचायत पांडे गांव में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने से ग्रामीणों और पशुपालन विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, गांव के एक मुर्गी बाड़े में कुछ दिन पूर्व अचानक 40 मुर्गियों की मौत हो गई थी।
पशुपालन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृत और जीवित मुर्गियों के सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए भोपाल लैब भेजा। जांच रिपोर्ट में एक मुर्गी में बर्ड फ्लू के संक्रमण की पुष्टि हुई है। अधिकारियों का मानना है कि इसी मुर्गी से संक्रमण फैलने के कारण अन्य 40 मुर्गियां मरी हैं।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. धीरेश जोशी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया है और एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि गांव के दस किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी मुर्गी बाड़ों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे, ताकि संक्रमण की स्थिति स्पष्ट हो सके।
बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। हालांकि विभागीय अधिकारी लोगों को सतर्कता बरतने और घबराने के बजाय सावधान रहने की अपील कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि समय रहते रोकथाम के उपाय किए गए तो संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›