Report by : CWN Desk
Published at :
खैरना-बेतालघाट हाईवे पर हादसा, फॉरेस्टर गधेरे में बहे, साथी को बचाया

गरमपानी। बुधवार रात खैरना-बेतालघाट स्टेट हाईवे पर बड़ा हादसा हो गया। सिमलखा की ओर बाइक से जा रहे फॉरेस्टर देवेंद्र सिंह बिष्ट (35 वर्ष), पुत्र दलीप सिंह निवासी गैरखाल सिमलखा और उनका साथी पवन डोलकोट गधेरे के तेज बहाव में बह गए।
बताया गया कि दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी अचानक गधेरे के उफान में बाइक समेत गिर पड़े। हादसे के दौरान पवन शोर मचाते हुए मदद के लिए पुकारता रहा, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
सूचना पर बेतालघाट ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, पुलिस प्रशासन, पटवारी कमल जोशी और मो. शकील अहमद भी घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम को भी रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। देर रात तक चले अभियान में पवन को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन फॉरेस्टर देवेंद्र सिंह बिष्ट का कोई पता नहीं चल सका।
गधेरे के तेज बहाव को रोकने के लिए दो जेसीबी मशीनों से पानी का रुख मोड़ने का प्रयास किया गया। खबर लिखे जाने तक उनकी तलाश जारी थी। स्थानीय लोगों और प्रशासन ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर लापता फॉरेस्टर की खोज में जुटे रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›