Report by : CWN Desk
Published at :
सिलक्यारा में डटे मुख्यमंत्री, मिनी सचिवालय भी स्थापित

श्रमिकों तक पका भोजन व अन्य वस्तुएं पहुंचने से राहत
उत्तरकाशी। बचाव अभियान पर लगातार नजर बनाए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियान की निगरानी के लिए गुरुवार रात भी उत्तरकाशी में ही प्रवास का निर्णय लिया। उन्होंने यहां अपना मिनी सचिवालय भी स्थापित करवाया है, जिससे रोजमर्रा के कामों में कोई बाधा न पड़े।
गुरुवार को मुख्यमंत्री धामी और केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल (सेनि.) वीके सिंह ने सिलक्यारा पहुंचकर बचाव अभियान का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुरंग के प्रवेश द्वार पर स्थित बाबा बौखनाग के मंदिर में मत्था टेक आशीर्वाद लिया और सभी श्रमिकों के जल्द बाहर आने की कामना की। साथ ही सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों से बात कर उनकी हौसला आफजाई की और बचाव दल के सदस्यों की पीठ भी थपथपाई।
राहत एवं बचाव दलों के साथ ही सुरंग में फंसे श्रमिकों के स्वजन इस बात से राहत जरूर महसूस कर रहे हैं कि अब फंसे श्रमिकों तक पका भोजन पहुंचने लगा है। चिकित्सकों के परामर्श पर श्रमिकों को छह इंच के लाइफ लाइन पाइप के माध्यम से रोटी-सब्जी से लेकर उबले अंडे, दलिया, खिचड़ी आदि भेजी जा रही है। साथ ही उन तक कपड़े, साबुन, टूथ ब्रश और टूथ पेस्ट भी भेजे जा चुके हैं। सुरंग के भीतर संचार की व्यवस्था करने के बाद श्रमिकों से बात भी आसानी से हो पा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›