Connect with us

हल्द्वानी

लालकुआं रेलवे स्टेशन पार्किंग में कार के भीतर मिला टैक्सी चालक का शव, क्षेत्र में सनसनी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

लालकुआं रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कार में बागेश्वर निवासी टैक्सी चालक का शव बरामद। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी। मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

लालकुआं: लालकुआं रेलवे स्टेशन के पार्किंग स्थल पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां खड़ी एक कार के भीतर एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान एक टैक्सी चालक के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पार्किंग में खड़ी एक कार के भीतर चालक काफी देर से अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। जब लंबे समय तक शरीर में कोई हरकत नहीं हुई, तो पार्किंग ठेकेदार विनोद श्रीवास्तव ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और जीआरपी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कार का दरवाजा खोला, तो चालक मृत पाया गया। मृतक की शिनाख्त 42 वर्षीय मदन राम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बागेश्वर जिले के ग्राम आरे का निवासी था।
बताया जा रहा है कि मदन राम वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र में रह रहा था और टैक्सी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा और जीआरपी काठगोदाम के प्रभारी निरीक्षक कमल कोरंगा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसटीएच (STH) हल्द्वानी भेज दिया है। फिलहाल मौत के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि यह प्राकृतिक मौत है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस मृतक के परिजनों और साथी टैक्सी चालकों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।

Select Language

Advertisement