Connect with us

देहरादून

आंबेडकर कॉलोनी में रंजिश बनी जानलेवा, पड़ोसियों ने वैन चालक की हत्या की

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। शहर के डीएल रोड स्थित आंबेडकर कॉलोनी में शुक्रवार शाम रंजिश के चलते हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। महज 24 साल का वैन चालक शुभम अपने ही पड़ोसियों की बेरहमी का शिकार हो गया। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम शुभम गली से बाहर निकल रहा था। उसी दौरान उसका सामना पड़ोस में रहने वाले अमन और निखिल पुत्रगण सुकिंदर सिंह से हो गया। बताया जाता है कि शुभम और सुकिंदर सिंह के परिवार के बीच काफी समय से आपसी रंजिश चल रही थी। मौके पर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते मारपीट की नौबत आ गई। इसी बीच अमन और निखिल ने धारदार हथियार से शुभम पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से शुभम मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे तत्काल कोरोनेशन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और क्षेत्रवासियों में कोहराम मच गया। उधर, डालनवाला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इंस्पेक्टर डालनवाला मनोज कुमार मैनवाल ने बताया कि मृतक शुभम के भाई की शिकायत पर आरोपियों अमन और निखिल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही है। शुभम का शव मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है और शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
इस सनसनीखेज घटना से कॉलोनी में दहशत का माहौल है। पड़ोसियों के बीच पुरानी रंजिश किस कदर खतरनाक रूप ले सकती है, इसका उदाहरण शुक्रवार की इस घटना ने साफ कर दिया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement