Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून: नशे में धुत SO राजपुर निलंबित, SSP ने दिए सख्त जांच के आदेश

देहरादून। राजपुर रोड पर हुए एक्सीडेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो में राजपुर थानाध्यक्ष (SO) का आचरण प्रथम दृष्टया गलत पाया गया। सरकारी कर्मचारी होते हुए लापरवाही से वाहन चलाने और सड़क हादसे में संलिप्त पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने तत्काल प्रभाव से SO राजपुर को निलंबित कर दिया।
SSP देहरादून ने न केवल निलंबन की कार्रवाई की, बल्कि प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर आरोपी पुलिस अधिकारी के विरुद्ध अभियोग दर्ज करने के भी निर्देश जारी किए। साथ ही, राजपुर थानाध्यक्ष के पद पर उपनिरीक्षक दीपक धारीवाल, जो वर्तमान में कालसी थानाध्यक्ष थे, को नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP ने एसपी सिटी देहरादून को पूरे प्रकरण की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। इसमें संबंधित अधिकारी का मेडिकल परीक्षण कराना, सभी आवश्यक सीसीटीवी फुटेज, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी एकत्रित करना शामिल है। साथ ही, नियमों के अनुसार दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए हैं।
यह घटना पुलिस व्यवस्था और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े करती है। आमजन को सुरक्षा का भरोसा देने वाले पुलिस अधिकारी का इस प्रकार का आचरण न केवल कानून व्यवस्था की साख को ठेस पहुंचाता है, बल्कि पुलिस की जवाबदेही को भी चुनौती देता है। फिलहाल, पूरा मामला जांच के अधीन है और SSP ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›