Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: मल्ली बमौरी में आतंक मचाने वाले कुत्ते की मौत, दहशत में लोग, निगम ने की टीका लगाने की अपील

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के मल्ली बमौरी में 25 लोगों को घायल करने वाले संदिग्ध कुत्ते की मौत के बाद नगर निगम अलर्ट। डॉकटरों ने रैबीज के खतरे पर दी सलाह।

हल्द्वानी: वार्ड 48 मल्ली बमौरी में पिछले दिनों दो दर्जन से अधिक लोगों को काटकर घायल करने वाले संदिग्ध कुत्ते की मौत हो गई है। इस कुत्ते को निगरानी के लिए राजपुरा स्थित एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर में रखा गया था। छह दिनों के बाद हुई इस मौत ने नगर निगम और स्थानीय निवासियों को चिंता में डाल दिया है।
बीते बुधवार को इस कुत्ते ने इलाके के करीब 25 लोगों पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया था। घायलों में से दो की स्थिति इतनी गंभीर थी कि उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घटना के अगले दिन नगर निगम की टीम ने कुत्ते को पकड़कर बाड़े में बंद कर दिया था। मंगलवार सुबह कुत्ते की मौत के बाद अब संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि नगर निगम ने कुत्ते में रैबीज के लक्षण होने से इनकार किया है। वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल के अनुसार, प्राथमिक जांच में मौत का कारण कैनाइन डिस्टेंपर वायरस पाया गया है। यह वायरस कुत्तों के लिए जानलेवा होता है, लेकिन एहतियात के तौर पर प्रशासन पूरी सावधानी बरत रहा है।
नगर निगम ने उन सभी लोगों से अपील की है जो इस कुत्ते के संपर्क में आए थे या जिन्हें उसने काटा था। स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि वे तुरंत टिटनेस और रैबीज का टीका जरूर लगवाएं। किसी भी तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन ने अब शहर में आवारा कुत्तों के वैक्सीनेशन अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया है।

Select Language

Advertisement