Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: वार्ड 59 में पेयजल संकट, पार्षद रईस अहमद गुड्डू ने दी आंदोलन की चेतावनी

हल्द्वानी के वार्ड 59 और 60 में ट्यूबवेल चोरी के बाद पानी की किल्लत। पार्षद रईस अहमद गुड्डू का विभाग पर धरना, सोमवार तक सप्लाई सुचारू न होने पर बड़े आंदोलन का अल्टीमेटम।

हल्द्वानी: नगर निगम के वार्ड संख्या 59 (गोजाजाली उत्तर) में पेयजल संकट गहरा गया है। सन्नी बाजार स्थित ट्यूबवेल में चोरी होने के कारण मशीन खराब पड़ी है, जिससे पिछले एक सप्ताह से जलापूर्ति पूरी तरह ठप है। इस समस्या से वार्ड 59 और 60 के लगभग 500 परिवार बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। विशेष रूप से रमजान का पवित्र महीना और आगामी होली का त्योहार होने के कारण स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पेयजल संकट के विरोध में आज पार्षद रईस अहमद गुड्डू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उत्तराखंड पेयजल निगम के कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल पानी की सप्लाई बहाल करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। पार्षद गुड्डू ने कहा कि त्योहारों के समय में पानी जैसी मूलभूत सुविधा का न होना विभाग की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। जनता की परेशानी को देखते हुए प्रशासन को इस पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान पेयजल निगम की अधिशासी अभियंता (एक्शन) ज्योति पालिनी और एई रावत सहित अन्य अधिकारियों व ठेकेदारों से वार्ता हुई। अधिकारियों ने मौके पर आश्वासन दिया कि सोमवार तक मरम्मत कार्य पूरा कर पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल अपना धरना समाप्त किया है। हालांकि, स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है क्योंकि लोग पिछले कई दिनों से परेशान हैं।
पार्षद रईस अहमद गुड्डू ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक पानी की सप्लाई बहाल नहीं हुई, तो वे मंगलवार से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद होने वाली किसी भी अव्यवस्था की जिम्मेदारी विभाग के अधिकारियों की होगी। इस अवसर पर शिवसेना नेता त्रिलोक सिंह, खालिद हुसैन और राम सुंदर पंडित सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। प्रशासन अब इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाने के प्रयास में जुट गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›