Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी-रुद्रपुर रोड पर भीषण हादसा: हाथी से टकराई बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के टांडा रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा। हाथी से टकराकर बाइक सवार दो युवकों की मौत, इलाके में मातम और दहशत। पूरी खबर यहाँ पढ़ें

हल्द्वानी: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। हल्द्वानी के टांडा क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दोपहिया वाहन अचानक सामने आए हाथी से टकरा गया। इस भीषण टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा की गफूर बस्ती के निवासी शकील (26) और जाफर (28) शनिवार शाम बाइक से रुद्रपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बेलबाबा से आगे हाथी कॉरिडोर के पास पहुँचे, अचानक एक विशालकाय हाथी सड़क पर आ गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर हाथी से जा टकराई, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुँची और घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने शकील को मृत घोषित कर दिया, जबकि जाफर ने बरेली ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक हल्द्वानी में आर्टिफिशियल ज्वेलरी और कपड़ों की फेरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
वन विभाग और पुलिस की टीमें अब इस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही हैं। हल्द्वानी रेंज के रेंजर ललित जोशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हाथी के हमले की आशंका जताई गई है, लेकिन मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। फिलहाल, दोनों शवों को उनके मूल निवास शाहजहांपुर भेजने की तैयारी की जा रही है।

Select Language

Advertisement