Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल पुलिस ने भवाली-अल्मोड़ा हाईवे और भवाली बाजार में बढ़ते जाम को नियंत्रित करने के लिए कैंची धाम तक शटल सेवाएं शुरू की हैं। बुधवार से लागू इस नई व्यवस्था के तहत भीमताल और भवाली से दिनभर में करीब 60 शटल वाहनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को कैंची धाम भेजा गया।
हल्द्वानी से भीमताल आने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहनों को भीमताल की नई पार्किंग में खड़ा कराया गया और वहां से उन्हें शटल सेवाओं द्वारा कैंची धाम पहुंचाया गया। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक करीब 40 शटल वाहन कैंची धाम भेजे गए, जबकि दोपहर के बाद करीब 20 शटल वाहन श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में लगे।
टैक्सी यूनियन के उपाध्यक्ष संजय लोहनी ने इस नई व्यवस्था में पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने की बात कही। नैनीताल पुलिस ने भी सभी पर्यटकों और श्रद्धालुओं से इस व्यवस्था में सहयोग की अपील की है ताकि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके। शटल सेवा की शुरुआत से भवाली बाजार और हाईवे पर लगने वाले जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को राहत मिलेगी।