Report by : CWN Desk
Published at :
पहले वर्तमान भर्तियां पूरी हो जाएं, फिर जरूरत पड़ने पर सीबीआई जांच: धामी

भर्ती परीक्षाओं में हुए घपलों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थिति साफ की
देहरादून। भर्ती परीक्षाओं में हुए घपलों की सीबीआई जांच के मुद्दे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आखिर सोमवार को स्थिति साफ कर दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वो सीबीआई जांच के खिलाफ नहीं हैं। पहले वर्तमान भर्तियां पूरी हो जाएं, फिर जरूरत पड़ने पर सीबीआई जांच करा दी जाएगी।
सीएम आवास में सोमवार को एलटी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देते हुए मुख्यमंत्री ने सीबीआई जांच की मांग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, एक राजनीतिक दल हमेशा सीबीआई की निष्पक्षता पर सवाल उठाता रहा है। उसका आरोप रहता है कि सीबीआई केंद्र सरकार के इशारे पर चलने वाली एजेंसी है। यदि ऐसा है तो फिर यहां सीबीआई जांच की मांग क्यों? यहां तो लोग सीबीआई जांच के लिए कोर्ट तक चले गए।
सीएम ने कहा कि सीबीआई जांच की मांग के पीछे कुछ और ही खेल है। दरअसल, जब भी सीबीआई किसी मामले की जांच करती है तो कम से कम पांच से आठ साल का वक्त लग जाता है। ऐसे में तब तक कोई भर्ती नहीं हो सकती। सारी प्रक्रिया रुक जाती है। सीएम ने कहा कि नकल माफिया पर अंकुश लगाने के लिए सरकार कठोरता से कदम उठा रही है। उत्तराखंड का नकल विरोधी कानून देश का सबसे कठोर कानून है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›