जल -जंगल -जमीन
वन पंचायत धानाचूली ने अवैध अतिक्रमण हटाने और भ्रामक आरोपों की जांच की उठाई मांग
हल्द्वानी।वन पंचायत धानाचूली के सरपंच गोपाल सिंह ने उपजिलाधिकारी धारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर वन पंचायत धानाचूली के कम्पार्टमेंट संख्या-2 में कथित अवैध कब्जे और जंगल की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से वन पंचायत एवं ग्राम पंचायत की छवि धूमिल करने के प्रयासों की भी निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि ओमप्रकाश द्वारा वन पंचायत क्षेत्र में कथित रूप से अवैध फड़ लगाकर जंगल की भूमि पर अतिक्रमण किया गया है। वन पंचायत की ओर से कई बार चेतावनी और नोटिस दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। शिकायत के अनुसार इस संबंध में वन विभाग, राजस्व विभाग, उपजिलाधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, कुमाऊं मंडल तथा मुख्यमंत्री पोर्टल सहित विभिन्न स्तरों पर कई बार शिकायतें और पत्राचार किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
वन पंचायत का आरोप है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होने के बाद संबंधित व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर वन पंचायत और ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों के विरुद्ध निराधार एवं भ्रामक आरोप लगाए जा रहे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि हाल में हुई आगजनी की घटना को भी आधार बनाकर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि उनका दावा है कि आगजनी की घटना की निष्पक्ष जांच से वास्तविक तथ्य सामने आ जाएंगे।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित भूमि का विवाद वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद वन पंचायत का कहना है कि सरकारी वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और उसे हटाया जाना आवश्यक है।
वन सरपंच गोपाल सिंह ने उपजिलाधिकारी से पूरे मामले की गहन जांच कर अवैध अतिक्रमण को शीघ्र हटाने तथा भ्रामक आरोपों के संबंध में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
