जल -जंगल -जमीन
सोशल मीडिया पर झूठे आरोप लगाने के मामले में ग्राम प्रधान व वन सरपंच ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
हल्द्वानी :धारी तहसील के धानाचूली ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान कु. हंसा लोधियाल एवं वन सरपंच गोपाल सिंह ने सोशल मीडिया पर बिना तथ्यों के नाम लेकर झूठे एवं भ्रामक आरोप प्रसारित किए जाने के मामले में थाना मुक्तेश्वर के माध्यम से रिपोर्टिंग चौकी धानाचूली में लिखित शिकायत देकर विधिक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि हाल ही में धानाचूली वन पंचायत क्षेत्र में कथित अवैध फड़ के समीप अज्ञात व्यक्तियों द्वारा आगजनी की घटना हुई थी, जिसकी जांच पुलिस कर रही है। आरोप है कि ओखलकांडा क्षेत्र के भूमका निवासी मुकेश चंद्र बौद्ध व अन्य ने फेसबुक पर एक वीडियो प्रसारित कर बिना किसी तथ्य, साक्ष्य अथवा पुलिस जांच पूरी हुए ग्राम प्रधान एवं वन सरपंच का नाम लेते हुए उन्हें आगजनी की घटना से जोड़ने का प्रयास किया।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार के आरोपों से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा, सम्मान एवं सार्वजनिक जीवन प्रभावित हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अन्य कुछ व्यक्तियों द्वारा भी सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से उनके विरुद्ध निराधार एवं भ्रामक आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे लगातार उनकी मानहानि हो रही है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित कथित अवैध फड़ को हटाने के लिए 30 दिसंबर 2025 को नोटिस जारी किया गया था तथा तहसील प्रशासन, वन विभाग एवं लोनिवि को भी वन पंचायत की ओर से कार्रवाई हेतु पत्र भेजे गए थे। उनका कहना है कि वन संरक्षण के लिए वे लगातार सक्रिय रहे हैं और ऐसे झूठे आरोपों से उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्राम प्रधान एवं वन सरपंच ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सोशल मीडिया पर झूठी एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एक करोड़ रुपये की मानहानि का दावा करने का अधिकार सुरक्षित रखने की भी बात शिकायत पत्र में कही है।
