देहरादून
2016 मामले में ED कार्यालय पहुंचे पूर्व CM हरीश रावत, कहा- चुनाव आते ही बढ़ी सक्रियता
उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत 2016 के मामले में पूछताछ के लिए देहरादून ED दफ्तर पहुंचे। उन्होंने इसे राजनीतिक कदम बताया। पढ़ें पूरी खबर।
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत शनिवार को साल 2016 से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए देहरादून स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कार्यालय पहुंचे। जांच एजेंसी ईडी ने उन्हें दो दिन पहले नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए समन भेजा था।
प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय पहुंचने से पहले हरीश रावत अपनी माता जी की तस्वीर गले में पहने नजर आए। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे अपनी मां, मां जगदंबा और धरती मां का स्मरण करते हुए जांच एजेंसी के समक्ष उपस्थित हुए हैं। रावत ने कहा कि वे पूरी सहजता के साथ ईडी के हर सवाल का जवाब देने के लिए आए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि ईडी ने उनसे उनके परिवार की संपत्तियों, पुराने आयकर रिटर्न (ITR) और अन्य जरूरी दस्तावेजों से संबंधित विस्तृत जानकारी मांगी है। उन्होंने कहा कि इतने पुराने पारिवारिक दस्तावेजों को जुटाना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, खासकर तब जब उनकी बेटियों की शादी भी हो चुकी है।
हरीश रावत ने इस कार्रवाई के समय पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही केंद्रीय जांच एजेंसियों की सक्रियता अचानक बढ़ जाती है। हालांकि, इन राजनीतिक आरोपों पर प्रवर्तन निदेशालय की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। इससे पहले वे हरिद्वार में गंगा पूजन कर आशीर्वाद लेने भी पहुंचे थे।
