Connect with us

हरिद्वार

हरिद्वार: रील के चक्कर में गंगा में बहा गाजियाबाद का युवक, दोस्त बनाते रहे वीडियो

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार के सुभाष घाट पर रील बनाने के चक्कर में गाजियाबाद का युवक गंगा के तेज बहाव में बह गया। पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है, जानें पूरी घटना।

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में शनिवार रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। गाजियाबाद से अपने दोस्तों के साथ घूमने आया एक 26 वर्षीय युवक गंगा के तेज बहाव में बह गया। विडंबना यह रही कि जब युवक मौत से जूझ रहा था, तब उसके दोस्त मदद करने के बजाय किनारे खड़े होकर मोबाइल से वीडियो बना रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद के संजयनगर निवासी उत्सव जौहरी अपने चार दोस्तों के साथ हरिद्वार सैर पर आया था। शनिवार रात सभी दोस्त सुभाष घाट के पास गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान रोमांच के चक्कर में उत्सव ने रेलिंग के ऊपर से गंगा में छलांग लगा दी। रात के समय पानी का बहाव और गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच में सामने आया है कि उत्सव जब पानी में संघर्ष कर रहा था, तब उसके दोस्त इस पूरे घटनाक्रम को कैमरे में कैद कर रहे थे। कुछ ही पलों में जब उत्सव आंखों से ओझल हो गया, तब दोस्तों को खतरे का अहसास हुआ और उनके होश उड़ गए। शोर मचने पर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची।
हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। रात भर और अगले दिन भी युवक की तलाश की गई, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।
प्रशासन ने बार-बार चेतावनी दी है कि गंगा की लहरें काफी शक्तिशाली हैं, विशेषकर रात के समय घाटों पर स्टंट करना जानलेवा हो सकता है। सेल्फी और रील बनाने का शौक अक्सर ऐसे हादसों का कारण बन रहा है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें और चेन या रेलिंग का सहारा जरूर लें।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement