Report by : CWN Desk
Published at :
जीएमवीएन नहीं अब आइआरसीटीसी करेगी केदारनाथ यात्रा के लिए हेली टिकटों की बुकिंग

पहले आओ पहले पाओ व्यवस्था से मिलेंगे टिकट
देहरादून। केदारनाथ यात्रा के लिए हेली टिकटों की बुकिंग अब पूरी तरह आनलाइन होगी। अभी तक जीएमवीएन हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग करता था, जिसमें 70 प्रतिशत टिकट आनलाइन और 30 प्रतिशत टिकट काउंटर से आफलाइन बुक किए जाते थे। सरकार ने जीएमवीएन से अब यह काम हटाकर इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आइआरसीटीसी) को सौंप दिया है। आइआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिये 70 प्रतिशत टिकट सामान्य रूप से आनलाइन बुक किए जाएंगे, वहीं 30 प्रतिशत टिकट तत्काल श्रेणी के होंगे, जिनकी बुकिंग आन द स्पाट होगी। इससे टिकटों की कालाबाजारी पर रोक लगेगी। साथ ही यात्रियों सुविधा भी रहेगी।
नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में टिकटों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने और मनमाने दामों पर मिलने वाले टिकटों से छुटकारा दिलाने के लिए यह निर्णय लिया है। नागरिक उड्डयन सचिव दिलीप जावलकर ने बताया कि आइआरसीटीसी के पास रेलवे टिकट बुकिंग का मजबूत सिस्टम है।आइआरसीटीसी के साथ समझौता किया गया। पूर्व में आनलाइन टिकटों की बुकिंग गढ़वाल मंडल विकास निगम करता था। जिसमें 70 प्रतिशत टिकट आनलाइन और 30 प्रतिशत टिकट काउंटर से बुक किए जाते थे। मगर अब सभी टिकट आनलाइन ही बुक होंगे।
केदारनाथ धाम के लिए तीन जगह गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से हेलीसेवा का संचालन होता है। तत्काल श्रेणी में हेली टिकट लेने वाले यात्रियों को इन हेलीपैड पर पहुंचना होगा। यात्रा वाले दिन उन्हें ये टिकट पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर जारी किए जाएंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›