Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

देवीधुरा में बग्वाल मेले का भव्य आगाज, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया उद्घाटन

Published

on

खबर शेयर करें 👉

चम्पावत के प्रसिद्ध देवीधुरा धाम में 13 दिवसीय बग्वाल मेले का शुभारंभ। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने फीता काटकर किया उद्घाटन

चम्पावत। जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध मां वाराही देवी धाम में रविवार को 13 दिवसीय पौराणिक देवीधुरा बग्वाल मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया है। उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास एवं जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्य द्वार पर फीता काटकर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने मां वाराही देवी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
मेले के उद्घाटन पर छलिया नृत्य, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक कलश यात्रा के साथ अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। मुख्य बाजार से मंदिर परिसर तक निकली शोभायात्रा में स्थानीय महिलाओं और छात्राओं ने कुमाऊंनी वेशभूषा में हिस्सा लेकर राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति की मनमोहक झलक पेश की। इसके साथ ही वेद पाठी विद्यार्थियों ने मंत्रोच्चार कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मां वाराही धाम देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की अगाध आस्था का केंद्र है। रक्षाबंधन के अवसर पर खेली जाने वाली ऐतिहासिक बग्वाल इस मेले का मुख्य आकर्षण है, जिसमें चार खामों के लोग पारंपरिक उत्साह के साथ हिस्सा लेते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां वाराही के दर्शन करने का आह्वान किया।
मेले के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन और मंदिर समिति ने सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और यातायात के कड़े इंतजाम किए हैं। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिससे पूरा मेला क्षेत्र लोक उत्सव के रंग में रंग गया।

Select Language

Advertisement