नैनीताल
रामनगर में सनसनी: शराब भट्टी के पास मिला गुरदास का शव, पीठ पर जले के निशान, 5 हिरासत में
रामनगर के पीरुमद्वारा में युवक गुरदास की संदिग्ध मौत से हड़कंप। अवैध कच्ची शराब भट्टी के पास मिला शव, पीठ पर मिले जलने के निशान। पुलिस ने 5 संदिग्धों को दबोचा।
रामनगर।।उत्तराखंड के नैनीताल जिले के अंतर्गत रामनगर क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के पीरुमद्वारा गांव में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पीठ पर जलने के गहरे निशान पाए गए हैं, जिसके कारण स्वजन ने सीधे तौर पर हत्या की आशंका जताई है। स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में पांच संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे कोतवाली में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनगर के करेलपुरी गांव का रहने वाला गुरदास (30 वर्ष) पुत्र पूरन सिंह पेशे से मजदूरी करता था। मृतक के ताऊ ईश्वरी सिंह ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को गांव का ही एक युवक छिन्दर, गुरदास को दिहाड़ी पर छप्पर बनाने के बहाने उसके घर से बुलाकर ले गया था। जब गुरदास देर रात तक वापस अपने घर नहीं लौटा, तो चिंतित स्वजन उसकी तलाश करते हुए छिन्दर के घर जा पहुंचे। वहाँ जब स्वजन ने छिन्दर पर दबाव बनाया, तो उसने सच उगल दिया।
इसके बाद आरोपी छिन्दर स्वजन को गांव के पास ही स्थित वन क्षेत्र की ओर ले गया, जहाँ बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची शराब भट्टी का संचालन होता है। रात करीब 12 बजे गुरदास का शव इसी शराब भट्टी के समीप अत्यंत संदेहास्पद स्थिति में मृत अवस्था में पड़ा मिला। घबराए स्वजन रात में ही शव को वापस अपने घर ले आए और शुक्रवार सुबह उन्होंने शव को सरकारी अस्पताल पहुँचाकर रामनगर पुलिस को घटना की लिखित सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल सुशील कुमार ने पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुँचकर शव का निरीक्षण किया। मृतक की पीठ पर गंभीर रूप से जलने के निशान मिले हैं, जिससे यह साफ प्रतीत हो रहा है कि मौत से पहले उसके साथ बर्बरता की गई थी।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और उन्होंने गांव के ही दो नामजद युवकों पर रंजिशन हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सटीक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा, लेकिन पुलिस इस मामले को पूरी तरह हत्या मानकर ही जांच को आगे बढ़ा रही है।
