Connect with us

नैनीताल

कैंची धाम मेला 15 जून: प्रशासन अलर्ट, जानें शटल सेवा, रूट और नया किराया

Published

on

खबर शेयर करें 👉

15 जून को बाबा नीम करौरी के कैंची धाम मेले के लिए नैनीताल प्रशासन अलर्ट। लाखों श्रद्धालुओं के लिए 504 शटल वाहन, रूट और किराए की पूरी जानकारी यहां पढ़ें।

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में 15 जून को बाबा नीम करौरी महाराज का स्थापना दिवस और वार्षिक मेला आयोजित होने जा रहा है। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मंदिर परिसर में बैठक कर सभी व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यात्रा मार्गों पर चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल और यातायात कर्मी तैनात रहेंगे। प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के लिए एक विशेष ट्रैफिक प्लान और वैकल्पिक मार्ग तैयार किया है। इसके साथ ही, सुचारू आवागमन के लिए मुख्य रास्तों से हर प्रकार का अतिक्रमण हटाया जा रहा है। यातायात व्यवस्था में किसी भी तरह की बाधा रोकने के लिए इस बार मेला मार्गों पर ठेले, फूड वैन और भंडारे लगाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
परिवहन विभाग ने भक्तों की सुविधा के लिए हल्द्वानी, काठगोदाम, नैनीताल, भीमताल, भवाली और खैरना से विशेष शटल सेवाएं शुरू की हैं। मेले के दौरान कुल 254 बसें और 250 टैक्सियां लगातार संचालित की जाएंगी। प्रशासन ने इसके लिए किराया भी निर्धारित कर दिया है। हल्द्वानी से कैंची धाम का किराया ₹150 तय किया गया है। वहीं नैनीताल व भीमताल से ₹100 और भवाली व खैरना से ₹50 प्रति व्यक्ति किराया निर्धारित किया गया है।
सभी शटल सेवा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, टेंट, बिजली और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की विशेष व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तीन एंबुलेंस और विशेष मेडिकल टीमें तैनात की हैं। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए शिप्रा नदी और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी भक्तों से अपील की है कि वे पुलिस के नियमों का पालन करें और धाम की पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करें।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में शर्मनाक मामला! रेप के बाद नाबालिग से जबरन शादी कराने पर माँ-बाप समेत युवक पर POCSO केस

Select Language

Advertisement