नई दिल्ली
नवापारा के सरस्वती शिशु मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर्व हर्षोल्लास से मना
सरस्वती शिशु मंदिर नवापारा में गुरु पूर्णिमा पर्व धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में गुरु-शिष्य परंपरा का महत्व बताकर शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
नवापारा-राजिम। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर नवापारा-राजिम में बुधवार को गुरु पूर्णिमा पर्व बड़ी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री राम जानकी शिक्षण समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा, व्यवस्थापक प्रफुल्ल दुबे, सहसचिव कोमल साहू, समिति सदस्य रवि शंकर साहू, संजय बंगानी, समाज सेविका योगिता सिन्हा और प्राचार्य गौरीशंकर निर्मलकर ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि गुरु द्वारा दिए गए ज्ञान से ही जीवन साकार होता है। सच्चा गुरु केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि छात्र के भीतर छिपी जिज्ञासा को जागृत करता है। वहीं संस्था के व्यवस्थापक प्रफुल्ल दुबे और समाज सेविका योगिता सिन्हा ने भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को रेखांकित करते हुए गुरु के स्थान को सर्वोपरि बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गुरु महिमा पर आधारित सुंदर गीत, भजन और प्रेरणादायी भाषण प्रस्तुत किए। शिक्षिका प्रीति साहू, लावन्या साहू, श्वेता बया, मुस्कान साहू और अपूर्वा ध्रुव की शानदार गायन प्रस्तुति को सभी ने सराहा। वहीं अन्य शिक्षकवृंदों ने भी सुमधुर सामूहिक गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के विशेष चरण में शिक्षण समिति द्वारा विद्यालय के समस्त आचार्यगणों (शिक्षकों) का श्रीफल और स्कूल यूनिफॉर्म भेंट कर आदरपूर्वक सम्मान किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन कन्या भारती अध्यक्ष अपूर्वा ध्रुव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्राचार्य गौरीशंकर निर्मलकर ने किया। इस गरिमामय आयोजन में समस्त आचार्यगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
