Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: कारोबारी सिसोदिया को मिली जान से मारने की धमकी, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी.। हल्द्वानी निवासी कारोबारी अजय सिसोदिया को धमकी देने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अजय सिसोदिया कुख्यात जेडे हत्याकांड में शामिल रहे दीपक सिसोदिया के बेटे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीतपुर नेगी, रामपुर रोड निवासी अजय सिसोदिया ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को प्रार्थनापत्र देकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व उनकी पोकलैंड मशीन ताड़ीखेत (अल्मोड़ा) निवासी विजय प्रकाश पांडे को किराये पर दी गई थी। मशीन के किराये के करीब 60 लाख रुपये अभी तक बकाया हैं।
अजय का आरोप है कि 1 मई 2025 को उनके प्रतिनिधि अमन पाल ने विजय प्रकाश से फोन पर किराये की मांग की। इस पर विजय प्रकाश भड़क उठा और अमन पाल को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद अजय ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर शनिवार रात पुलिस ने विजय प्रकाश पांडे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
कोतवाल ने पुष्टि की कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब धमकी से जुड़े साक्ष्य इकट्ठा कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जाएगी।
एसडीएफ ने की थी गिरफ्तारी:
गौरतलब है कि जून 2011 में मुंबई में पत्रकार जेडे की हत्या हुई थी। इस हत्याकांड में अजय सिसोदिया के पिता दीपक सिसोदिया पर आरोप लगा था और एसडीएफ ने उनकी गिरफ्तारी की थी। अब बेटे अजय को मिली धमकी ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
स्थानीय कारोबारी वर्ग ने घटना पर चिंता जताते हुए सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›