Report by : CWN Desk
Published at :
ऑनलाइन गेमिंग में हुई पहचान, शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। ऑनलाइन गेमिंग के जरिए हुई दोस्ती प्यार में बदली और फिर युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद गढ़ी कैंट थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैंट कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि पीड़िता मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली 22 वर्षीय युवती है। उसने देहरादून कोर्ट में याचिका दायर कर बताया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान ऑनलाइन गेम के दौरान आशीष चौहान नामक युवक से हुई। आशीष मूल रूप से टिहरी जिले के बौराड़ी क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित बी-3 में रहकर होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है।

युवती के अनुसार धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और आशीष ने उससे प्रेम का इजहार करते हुए शादी का वादा किया। आरोप है कि सितंबर 2024 में आशीष ने उसे दिल्ली बुलाया, जहां से वह उसे देहरादून ले आया। देहरादून में किराए के मकान में तीन दिन तक आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

शादी का वादा पूरा न करने और धोखा देने पर युवती ने न्याय के लिए कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद गढ़ी कैंट थाना पुलिस ने आरोपी आशीष चौहान के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›