Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी तनावपूर्ण: धार्मिक स्थल पर पशु के अवशेष डालने से बवाल, पुलिस की सख्ती से हालात काबू

8 फरवरी की हिंसा के बाद हल्द्वानी में फिर तनाव। बरेली रोड पर धार्मिक स्थल के पास पशु अवशेष मिलने से भीड़ ने किया उपद्रव। पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति संभाली, उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी।

हल्द्वानी। रविवार रात को बरेली रोड स्थित एक धार्मिक स्थल के पास कुत्ते द्वारा पशु के अवशेष छोड़े जाने की घटना से शहर में अराजकता फैल गई। अवशेष मिलने की खबर के बाद अफवाहों का बाजार गर्म हुआ और देखते ही देखते बड़ी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की सक्रियता के कारण स्थिति को तुरंत नियंत्रण में कर लिया गया, जिससे कोई बड़ी अप्रिय घटना टल गई।
अफवाहों के चलते भीड़ का उपद्रव और तोड़फोड़
वनभूलपुरा कांड के बाद से ही हल्द्वानी में छोटी-छोटी घटनाओं पर तनाव पैदा हो जाता है। रविवार को, अधिकारियों ने भीड़ को यह स्पष्ट करने का प्रयास किया कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, यह कार्य किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि एक कुत्ते का था। इसके बावजूद, भीड़ शांत नहीं हुई और माहौल बिगड़ने लगा। उपद्रवियों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में तोड़फोड़ की और निजी-सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुँचाया। यहां तक कि बेकसूर लोगों को निशाना बनाकर उनके साथ मारपीट का प्रयास भी किया गया। हालात बेकाबू होते देख, पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठियों के बल पर भीड़ को खदेड़ा और कुछ लोगों को हिरासत में लिया।
हिंसा बर्दाश्त नहीं: प्रशासन का सख्त संदेश
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने साफ कहा है कि इस दौरान हिंसा और तोड़फोड़ को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना की जांच पूरी पारदर्शिता से की जाएगी और यदि कोई हिंसा करते पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। विधायक सुमित हृदयेश ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि कुछ तत्वों ने इसे साम्प्रदायिक रंग देने का प्रयास किया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
एसएसपी की चेतावनी: उपद्रवियों का चिह्नीकरण जारी
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सौहार्द को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने चेतावनी दी कि उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है और कानून को चुनौती देने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। शांति बनाए रखने के लिए शहर में चार सीओ, सभी थानाध्यक्षों, पर्याप्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है। पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) और रेंज से भारी बल प्राप्त कर चप्पे-चप्पे पर तैनाती की गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›