Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी छड़ायल श्री मंगलम बिहार में पानी नहीं आने पर बच्चों संग सड़क पर बैठी महिलाएं

हल्द्वानी। छड़ायल श्री मंगलम बिहार की महिलाएं पानी की समस्या को लेकर सड़क पर बैठ गई। महिलाएं अपना काम धाम छोड़कर सड़क पर आ धमकीं और बीच रोड पर बैठकर धरना प्रदर्शन करने लगीं। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पेयजल लाइन व सड़क को ठीक कराने की मांग की। जल्द व्यवस्था ठीक न होने पर कालोनी के लोगों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
श्री मंगलम बिहार कालोनी के वीर जोशी, कौशल, अदिति त्रिपाठी ने बताया कि छड़ायल गैस गोदाम रोड पर स्थित कालोनी में करीब एक साल से लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। काफी धरना प्रदर्शन करने के बाद गत वर्ष जून में दो इंच की पाइप लाइन डाली लेकिन, पानी की समस्या जस की तस बनी रही। पेयजल लाइन गलत डालने के बाद भी कालोनी में रह रहे 60 परिवारों में से 50 परिवारों में पानी नहीं आ रहा। इसको लेकर कई बार जल संस्थान में शिकायत कर चुके हैं। अधिकारी आते हैं ओर देख कर खानापूर्ति कर चले जाते हैं।
कुछ यही हाल सड़क का है। कालोनी में करीब डेढ़ साल पूर्व नगर निगम ने रोड बनाने का कार्य शुरू कराया। रोड उखाड़ दी। जिससे कई घरों की पेयजल लाइन को तोड़ दिया। जिसका विरोध किया तो वह काम बीच में छोड़कर चले गए। इससे रोड की हालत खस्ता हो गई है। जिसमें आए दिन बच्चे, बूढ़े व महिलाएं गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इससे लोगों में खासा आक्रोश है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›