Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: दलित भाइयों की बेरहमी से पिटाई, जातिसूचक टिप्पणियों के बाद थाने का घेराव

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के गौलापार में शादी समारोह के दौरान पानी पीने पर दो दलित भाइयों को पीटा गया। चाकू से हमला और जातिसूचक गाली-गलौज के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन।

हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ डीजे संचालित कर रहे दो दलित भाइयों के साथ कुछ दबंगों ने न केवल मारपीट की, बल्कि उन पर जातिसूचक टिप्पणियां भी कीं। इस हमले में एक युवक के सिर पर चाकू से वार किया गया है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के अनुसार, देवला मल्ला निवासी उमेश चंद टम्टा का भाई शुभम और साला अजय आर्या शादी में डीजे बजा रहे थे। प्यास लगने पर अजय ने पास रखे बर्तन से पानी पी लिया, जिस पर वहां मौजूद कुछ युवकों ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने जातिसूचक गालियां देते हुए अजय और शुभम को पीटना शुरू कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता और शुभम के बड़े भाई उमेश को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर चाकू से जानलेवा हमला किया। घायल शुभम को प्राथमिक उपचार के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें कृष्णा अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
इस घटना से आक्रोशित ग्रामीण महिलाओं और स्थानीय लोगों ने काठगोदाम कोतवाली का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। जानकारी के अनुसार, घटना में शामिल कुछ दबंगों को बचाने के लिए रसूखदार लोगों के फोन भी आने लगे, लेकिन पुलिस ने दबाव में न आते हुए जांच तेज कर दी है।
काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामले में नामजद चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Select Language

Advertisement