गदरपुर में दर्दनाक सड़क हादसे में बेटियों की शादी के कार्ड बांटने निकले दो भाइयों की मौत हो गई। खुशियों वाले घर में पसरा मातम। जानिए पूरी खबर।
हल्द्वानी। गदरपुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। बेटियों की शादी का न्योता रिश्तेदारों तक पहुंचाने निकले दो भाइयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। गदरपुर के बलखेड़ा मोड़ पर हुए इस हादसे में चुन्नीलाल के बाद उनके ममेरे भाई भोला ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक चुन्नीलाल अपने 62 वर्षीय ममेरे भाई भोला के साथ मोटरसाइकिल से रिश्तेदारों को शादी के कार्ड बांटने गदरपुर गए थे। बलखेड़ा मोड़ के पास हाईवे पर डिवाइडर के अवैध कट से अचानक आई एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद चुन्नीलाल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। वहीं गंभीर रूप से घायल भोला का इलाज हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी अंतिम सांस ली। बुधवार को दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि घर में बेटियों की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अचानक दो मौतों के बाद कोहराम मच गया है। डिवाइडर के अवैध कट के कारण हुए इस हादसे ने एक ही झटके में पूरे परिवार की खुशियों को उजाड़ कर रख दिया।