हल्द्वानी
हल्द्वानी सड़क हादसा: गलत दिशा से आ रहे बेकाबू ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, एक छात्र की मौत
हल्द्वानी के बरेली रोड पर गुरुवार रात गलत दिशा में आए बेकाबू ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र सिद्धार्थ सिंह की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर है।
हल्द्वानी। बरेली रोड पर गुरुवार रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि टक्कर लगने के बाद बाइक सड़क पर छिटक कर गिर गई और उसमें अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दो कॉलेज छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालकुआं के वार्ड नंबर 4 के रहने वाले 20 वर्षीय आयन खान और सिद्धार्थ सिंह कॉलेज के छात्र हैं। गुरुवार की रात दोनों किसी जरूरी काम से लालकुआं से हल्द्वानी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान मोती नगर के पास नेशनल हाईवे पर सामने से गलत दिशा में आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्रों ने हाथ से इशारा कर ट्रक को किनारे करने को भी कहा था, लेकिन चालक ने सीधे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे वनभूलपुरा निवासी रऊफ अंसारी ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी। उन्होंने दोनों घायल छात्रों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान छात्र सिद्धार्थ सिंह ने घावों के ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे छात्र अयान खान की हालत अब भी बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसका डॉक्टर इलाज कर रहे हैं।
दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हल्द्वानी के कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दे दी है। इसके साथ ही आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
