Connect with us

हरिद्वार

हल्द्वानी के छात्र की हरिद्वार में सड़क हादसे में मौत, 3 छात्र घायल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में पढ़ता था छात्र, ट्रैक्टर ट्राली से टकराई कार
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के छात्रों की कार सोमवार देर रात एक ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। हादसे में हल्द्वानी निवासी एक छात्र की मौत हो गई। जबकि सहारनपुर, बिजनौर और उत्तरकाशी निवासी तीन छात्र घायल हो गए। ट्राली की नीचे घुसी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस और राहगीरों ने मशक्कत के बाद छात्रों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। एक छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में बीएएमएस की पढ़ाई करने वाले चार छात्र एक कार में बहादराबाद की ओर से लौट रहा था। ज्वालापुर में हरिलोक तिराहे के पास उसकी कार एक ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि कार का आधा हिस्सा ट्राली के नीचे घुस गया। चीख-पुकार सुनकर राहगीर रुक गए और पुलिस को सूचना दी।
बमुश्किल छात्रों को कार से बाहर निकाला गया। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि, तीन को जिला अस्पताल भेजा गया। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मृतक की पहचान हिमांशु मेहर निवासी लामाचौड़ हल्द्वानी के रूप में हुई है। जबकि दिग्विजय सिंह निवासी बड़कोट उत्तरकाशी, सुधांशु कुमार निवासी ग्राम विजय नगला, नूरपुर बिजनौर और कुलदीप कुमार निवासी नयाली काशीपुर, जिला सहारनपुर घायल हैं। इनमें दिग्विजय सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया कि चारों छात्र बीएएमएस चतुर्थ वर्ष में पढ़ने वाले हैं। उनके स्वजनों को सूचना दे दी गई है।

Select Language

Advertisement