Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी उपद्रव में 6 लोगों की मौत, तनाव के चलते कर्फ्यू जारी, स्कूल-कालेज आज हैं बंद

हल्द्वानी। हल्द्वानी के बड़े इलाके से कर्फ्यू हटा लिया गया है। डीएम वंदना सिंह के मुताबिक अब केवल शहर के वनभूलपुरा, आर्मी कैंट, तिकोनिया से तीनपानी और गौलापार क्षेत्र में ही कर्फ्यू जारी रहेगा। वहीं, डीएम ने कर्फ्यू के सीमा क्षेत्र में ढील देने के भी आदेश जारी किए हैं। शहर में आठ फरवरी को रात्रि करीब नौ बजे से लगे कर्फ्यू में 37 घंटे बाद ढील दी गई है।
डीएम के आदेश के बाद नैनीताल-बरेली मोटर मार्ग पर वाहनों के आवागमन के साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठान प्रतिबंध मुक्त कर दिए गए हैं। सुबह 10 बजे से कर्फ्यू की सीमा में मिली छूट के बावजूद शहर में दिनभर अधिकांश क्षेत्रों में दुकानें बंद रहीं, शाम को अधिकांश प्रतिष्ठान खुल गए।
हल्द्वानी हिंसा में सपा नेता के भाई, दो पूर्व पार्षद सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। करीब 10 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। कर्फ्यू के कारण दिल्ली, देहरादून और नैनीताल की बसें लगभग खाली ही गईं। वहीं रेलवे प्रबंधन ने बताया कि हल्द्वानी रेलवे स्टेशन में ट्रेन का स्टापेज नहीं रहेगा। 48 घंटे बाद बीएसएनएल की इंटरनेट सुविधा शुरू कर दी गई है। डीजीएम भीम बहादुर ने बताया कि वनभूलपुरा क्षेत्र में इंटरनेट बंद रहेगा। प्रशासन के मुताबिक निजी कंपनियों की सुविधा 10 बजे तक शुरू हो जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›