Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी की प्रसिद्ध ब्लॉगर ज्योति अधिकारी ने किया सुसाइड का प्रयास, पुलिस ने जंगल से सुरक्षित निकाला

हल्द्वानी की ब्लॉगर ज्योति अधिकारी ने लाइव वीडियो बना कर खुदकुशी की कोशिश की। काठगोदाम पुलिस ने रानीबाग के जंगल से उन्हें बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया है।

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ की मशहूर ब्लॉगर ज्योति अधिकारी ने शनिवार को काठगोदाम के रानीबाग स्थित जंगलों में आत्महत्या का प्रयास किया। ज्योति अधिकारी ने अपनी जीवनलीला समाप्त करने से पहले सोशल मीडिया पर एक लाइव वीडियो साझा किया, जिससे उनके प्रशंसकों और परिवार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ज्योति अधिकारी शनिवार 14 मार्च की सुबह से अचानक अपने घर से लापता हो गई थीं। उनके गायब होने के बाद से ही पति और बच्चे काफी परेशान थे और लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच रानीबाग के घने जंगल से उनका एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में उन्होंने अपनी आपबीती बताते हुए खुदकुशी की बात कही थी।
वीडियो में ब्लॉगर ज्योति अधिकारी ने खुलासा किया कि वह पिछले काफी समय से गहरे मानसिक तनाव से गुजर रही हैं। उन्होंने रोते हुए कहा कि लोगों ने उन्हें हमेशा गलत समझा है, जबकि उनका इरादा कभी किसी को ठेस पहुँचाना नहीं था। यह वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
काठगोदाम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल लोकेशन और स्थानीय इनपुट के आधार पर ज्योति को रानीबाग के जंगल से सुरक्षित बरामद कर लिया। फिलहाल उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। पुलिस और डॉक्टर उनकी काउंसलिंग कर रहे हैं ताकि उन्हें इस मानसिक संकट से बाहर निकाला जा सके।
सोशल मीडिया पर इस घटना के बाद मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं, वहीं विशेषज्ञ मानसिक स्वास्थ्य और साइबर बुलिंग को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर ज्योति अधिकारी को इस आत्मघाती कदम के लिए किसने उकसाया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›