हल्द्वानी
हल्द्वानी पुलिस की बड़ी कामयाबी: SSP मंजुनाथ टीसी ने किया 13 लाख की चोरी का खुलासा
हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। शातिर चोर गौरव गिरफ्तार, 13 लाख के जेवरात और नगदी बरामद। पढ़ें पूरी खबर।
हल्द्वानी: नैनीताल जनपद के एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के कुशल निर्देशन में मुखानी थाना पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और नगदी बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।
मामला मुखानी क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी का है, जहाँ 12 मार्च को हेमचंद्र लोहनी ने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि जब वे अपने पैतृक गांव अल्मोड़ा गए हुए थे, तब अज्ञात चोर ने ताला तोड़कर सोने के गहने और कैश साफ कर दिया। एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिटी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया था।
थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कड़ी मेहनत और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की। शनिवार को पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी गौरव कुमार (25 वर्ष) को हल्दीखाल के पास से दबोच लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी गौरव के पास से चोरी किए गए सोने के आभूषण, नगदी और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है और थाना काठगोदाम में उसके खिलाफ चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
इस महत्वपूर्ण खुलासे में कांस्टेबल बलवंत सिंह और रोहित कुमार की भूमिका सराहनीय रही, जिन्होंने 100 से अधिक कैमरों की जांच कर चोर की पहचान सुनिश्चित की। हल्द्वानी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की जनता द्वारा सराहना की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
