उत्तराखण्ड
दिव्य और भव्य होगा हरिद्वार कुंभ 2027 : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुम्भ मेला 2027 को दिव्य और भव्य रूप में सम्पन्न कराया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कुंभ से संबंधित स्थायी प्रकृति के सभी कार्य अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। बुधवार को सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर वर्गीकृत कर आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि मेला मास्टर प्लान को ध्यान में रखते हुए सभी सेक्टर, मार्ग, पार्किंग, घाट और कैंप स्थल चिन्हित किए जाएं। भीड़ के दबाव को कम करने के लिए नए घाटों का निर्माण, कांगड़ा घाट का विस्तार और पुराने घाटों की मरम्मत समय से पूर्ण की जाए। सरकारी भूमि और सड़कों पर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर कार्यों को प्राथमिकता देने, बहादराबाद-श्यामपुर बाईपास को शीघ्र पूरा करने तथा श्यामपुर, गैंडीखाता और चंडीघाट क्षेत्र में टेंट सिटी विकसित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु ट्रैफिक डायवर्जन, शटल सेवा और मजबूत पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि कुंभ क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए “जीरो वेस्ट कॉन्सेप्ट” लागू किया जाएगा। घाटों पर सफाई व्यवस्था 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट और चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक घाट पर लाइफगार्ड, सुरक्षा रस्सी और मोटरबोट की व्यवस्था होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालु उत्तराखंड से सुखद अनुभव लेकर जाएं, इसके लिए कार्मिकों को अभी से प्रशिक्षण दिया जाए। मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ हों, अस्थायी अस्पताल, एंबुलेंस और मोबाइल मेडिकल यूनिट्स तैनात की जाएं। साथ ही आईटी और डिजिटल सेवाओं का अधिकतम उपयोग करते हुए मोबाइल ऐप, हेल्पलाइन और सूचना केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को हर 15 दिन में तैयारी की समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों, मुख्य सचिव, डीजीपी, प्रमुख सचिवों, मेलाधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
