Report by : CWN Desk
Published at :
हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में पत्नी की हत्या, आरोपी पति हिरासत में

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-5 स्थित लेबर कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां रहने वाले घनश्याम ने शराब के नशे में अपनी पत्नी मंजू देवी (40) की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात किसी विवाद को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। इस दौरान गुस्से में आकर घनश्याम ने भारी वस्तु से मंजू के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया।
घटना की जानकारी मृतका के बेटे श्रेयांश ने पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार और एसएसआई मनोहर सिंह रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में पूरी रात दबिश दी और सोमवार देर शाम उसे भेल क्षेत्र से हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी घनश्याम पहले भेल में संविदा कर्मचारी था और इस समय सिडकुल क्षेत्र की एक कंपनी में काम करता था। वह शराब का आदी था और इसी वजह से अक्सर पत्नी से विवाद करता रहता था। मृतका के पिता कलवा पुत्र बसंता निवासी सबलगढ़ थाना मंडावली, नजीबाबाद बिजनौर ने तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को पिछले 20 वर्षों से पति घनश्याम, देवर रोहिताश और उसके बेटे सौपिन द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों का आरोप है कि मंजू के नाम पर दर्ज जमीन को हड़पने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। कई बार उसे धमकाया और मारा-पीटा भी गया। 28 सितंबर की रात घर पर कोई और मौजूद नहीं था, इसी का फायदा उठाकर घनश्याम ने मंजू की बेरहमी से हत्या कर दी।
पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी पति घनश्याम, उसके भाई रोहिताश और भतीजे सौपिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह घटना न सिर्फ एक पारिवारिक कलह का नतीजा है, बल्कि लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद की कड़वी सच्चाई भी उजागर करती है। मंजू देवी की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है, वहीं पुलिस अब इस मामले की तह तक जाकर जांच कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›