Report by : CWN Desk
Published at :
अन्तर्राष्ट्रीय बेटी दिवस पर पंत एजुकेशन सोसाइटी ने दी छात्रवृत्तियाँ

हरिद्वार। अन्तर्राष्ट्रीय बेटी दिवस के अवसर पर पंत एजुकेशन सोसाइटी द्वारा संचालित कक्षा में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था की ओर से 10वीं कक्षा की दो मेधावी छात्राओं—ज्योति और हेमलता को छात्रवृत्तियाँ प्रदान की गईं। ज्योति को स्व. श्रीमती मोहिनी देवी पंत स्मृति शिक्षा सहायता छात्रवृत्ति तथा हेमलता को स्व. श्रीमती शारदा कांडपाल स्मृति शिक्षा सहायता छात्रवृत्ति दी गई। इन छात्रवृत्तियों के तहत दोनों छात्राओं की पूरे वर्ष की विद्यालय फीस वहन की जाएगी।
संस्था की संचालिका श्रीमती सुमन पंत ने बताया कि पंत एजुकेशन सोसाइटी वर्ष 2006 से लगातार जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था के तहत निःशुल्क दैनिक कक्षाओं में न केवल विद्यालय की पढ़ाई करवाई जाती है, बल्कि रचनात्मक गतिविधियों जैसे लेखन, कला और संगीत की शिक्षा भी दी जाती है। विशेष रूप से उन बालिकाओं को पढ़ाने पर जोर दिया जाता है जो आर्थिक या सामाजिक कारणों से स्कूल नहीं जा पातीं। इसके अलावा, समय-समय पर आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाते हैं, ताकि बच्चियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा सके। स्वास्थ्य के लिए होम्योपैथी दवाओं और इम्युनिटी बूस्टर्स का भी वितरण किया जाता है। संस्था की परंपरा है कि यदि कोई छात्रा दसवीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करती है तो उसकी 12वीं की पूरी फीस संस्था वहन करती है।
कार्यक्रम में छात्राओं ने अपने प्रेरक विचार साझा किए और अपनी उपलब्धियों का अनुभव बताया। वहीं संस्था संचालिका और कवियित्री श्रीमती सुमन पंत ने प्रेरक गीत “नन्ही कलियाँ कल बनेगी फूल, ना बनो राह में इनकी शूल, दो प्यार दुलार और शिक्षा, ताकि बना रहे स्वाभिमान इनका” प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।
नवरात्रि के उत्सव के अवसर पर बच्चियों ने गरबा और डांडिया की प्रस्तुति दी और बाद में जलपान का आनंद उठाया। यह आयोजन न केवल शिक्षा के प्रति प्रेरणा देता है बल्कि समाज को बेटियों की महत्वता और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कार्य करने का संदेश भी देता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›