हरिद्वार

सब्जी की गाड़ी में हरियाणा ब्रांड की 100 पेटी अंग्रेजी शराब पकड़ी, एक व्यक्ति गिरफ्तार

लोडर के टायर अधिक दबने पर पुलिस को हुआ शक, जब हुई पूछताछ तो खुला राज
हरिद्वार। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर झबरेड़ा थाना पुलिस ने हरियाणा से लौकी की आड़ में लाई जा रही अंग्रेजी शराब की 100 पेटी को पकड़ा है। इस दौरान एक आरोपित को भी गिरफ्तार किया गया है। शराब पानीपत से लाई गई थी और झबरेड़ा, मंगलौर में सप्लाई की जानी थी। आशंका इस बात की है कि कहीं चुनाव में तो इसका इस्तेमाल नहीं होना था। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। साथ ही शराब मंगाने वाले को भी चिह्नित कर रही है।
कोतवाली सिविल लाइंस में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि इस समय चुनाव के मद्देनजर पुलिस की ओर से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की सीमा से सटे गांव खड़खड़ी दयाला में चेकिंग कर रही थी। इसी बीच पुलिस को एक लोडर आता हुआ दिखाई दिया। जिसमें लौकी भरी हुई थी।
चेकिंग के दौरान ही थानाध्यक्ष ने देखा कि लोडर के टायर अधिक दब रहे थे। चालक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह हरियाणा के पानीपत से लौकी लेकर आया है और रुड़की मंडी में जानी है। इस पर पुलिस ने लोडर की तलाशी ली तो उसमें आगे की ओर लौकी को रखा गया था जबकि पीछे पूरी शराब भरी हुई थी।
इसके बाद पुलिस ने आरोपित से पूछताछ की तो उसने अपना नाम राजेन्द्र निवासी ग्राम सांगा, काना राउडी जिला करनाल हरियाणा बताया। उसने बताया कि उसे झबरेड़ा-मंगलौर के मध्य एक व्यक्ति को डिलीवरी देनी थी। व्यक्ति के संबंध में जानकारी की गई लेकिन वह कोई सही जानकारी नहीं दे पाया। पुलिस अधीक्षक देहात एसके सिंह ने बताया कि इस संबंध में विस्तृत छानबीन की जा रही है। उस व्यक्ति को भी चिह्नित किया जा रहा है, जिसने यह शराब मंगाई थी।

Most Popular

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Select Language

© 2025, CWN (City Web News)
Get latest Uttarakhand News updates

To Top
English हिन्दी