Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: राजपुरा गौशाला में बदहाली पर भड़के हेमंत साहू, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी की राजपुरा गौशाला में गौवंश की मौतों पर युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने जताया आक्रोश। नगर आयुक्त से की सख्त कार्रवाई की मांग।

हल्द्वानी। राजपुरा स्थित गौशाला की बदहाल व्यवस्था और गौवंश की हो रही असमय मौतों को लेकर स्थानीय राजनीति गर्मा गई है। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पार्षद प्रतिनिधि हेमंत साहू ने गौशाला के कुप्रबंधन पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन पर घोर लापरवाही और संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ तुरंत सख्त कदम उठाने की मांग की है।
हेमंत साहू ने कहा कि राजपुरा गौशाला में बेजुबान पशुओं को समय पर चारा, साफ पानी और प्राथमिक उपचार तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उचित देखभाल न मिलने के कारण बेजुबान गौवंश अत्यंत अमानवीय परिस्थितियों में तड़प-तड़पकर दम तोड़ने को मजबूर हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक और सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण गौवंश के प्रति ऐसी प्रशासनिक उपेक्षा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस नेता ने नगर निगम हल्द्वानी के नगर आयुक्त परितोष वर्मा से दूरभाष पर सीधी वार्ता की। उन्होंने गौशाला की संपूर्ण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित लापरवाह अधिकारियों व देखरेख करने वाली संस्था के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने और व्यवस्थाओं को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त करने की पुरजोर मांग उठाई।
हेमंत साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि गौवंश की सुरक्षा और संवर्धन करना स्थानीय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि नगर निगम और जिला प्रशासन ने समय रहते गौशाला के हालात सुधारने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस कार्यकर्ता आम जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरने और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Select Language

Advertisement