Report by : CWN Desk
Published at :
एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विवि ने तीसरे चरण की काउंसलिंग कार्यक्रम में किया गया बदलाव

नीट पीजी के लिए क्वालीफाइंग परसेंटाइल सभी श्रेणियों में शून्य, तीन अक्टूबर होगा सीट आवंटन
देहरादून। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) की ओर से नीट पीजी के कटआफ में बदलाव के बाद एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विवि ने भी तृतीय चरण की काउंसलिंग का कार्यक्रम संशोधित कर दिया है। अभ्यर्थी अब 24 सितंबर तक पंजीकरण व शुल्क भुगतान कर पाएंगे। इससे पहले पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 सितंबर थी, जिसे अब विस्तारित किया गया है।
बता दें, नीट पीजी काउंसलिंग-2023 के लिए क्वालीफाइंग परसेंटाइल को सभी श्रेणियों में शून्य कर दिया गया है। एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विवि के कुलसचिव प्रो. आशीष उनियाल ने बताया कि जो अभ्यर्थी परसेंटाइल में कमी के बाद पात्र हो गए हैं, उन्हें काउंसलिंग के लिए पंजीकरण का अवसर दिया गया है। तीसरे चरण के लिए पंजीकरण और शुल्क भुगतान की तिथि बढ़ाई गई है।
आल इंडिया काउंसलिंग के तहत भी तीसरे चरण की काउंसलिंग कार्यक्रम बदला गया है। यह भी एक कारण है कि राज्य स्तर पर निर्धारित समय सारिणी में संशोधन किया गया। नई समय सारिणी के अनुसार, अब अभ्यर्थी 24 सितंबर तक सीट सरेंडर (धरोहर राशि के जब्तीकरण साथ) कर सकते हैं। जबकि पहले निर्धारित तिथि 20 सितंबर थी। स्टेट मेरिट 25 सितंबर को जारी की जाएगी। कटआफ में बदलाव के आधार पर डाटा अपडेट किया जा रहा है। सीट आवंटन तीन अक्टूबर को होगा। आवंटित सीट पर अभ्यर्थी सात अक्टूबर तक दाखिला ले पाएंगे। इससे पूर्व दाखिले की अंतिम तिथि 30 सितंबर नियत थी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›