Report by : CWN Desk
Published at :
होमगार्ड को मिलेगी कैंटीन सुविधा, साल में मिलेंगी 12 आकस्मिक अवकाश

जल्द 300 और पदों पर भर्ती की जाएगी, प्रेमनगर में उपलब्ध भूमि पर इंडोर फायरिंग रेंज का निर्माण किया जाएगा: धामी
देहरादून। उत्तराखंड के होमगार्ड जवानों को सेना की तर्ज पर सीएसडी कैंटीन की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए होमगार्ड के विशेष कैंटीन कार्ड बनाए जा रहे हैं। जवानों के शस्त्र प्रशिक्षण के लिए प्रेमनगर में उपलब्ध भूमि पर इंडोर फायरिंग रेंज का निर्माण किया जाएगा और जल्द ही 300 और पदों पर भर्ती की जाएगी।
बुधवार को ननूरखेड़ा स्थित होमगार्ड मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के स्थापना दिवस पर कई घोषणाएं कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि रैतिक परेड की सलामी ली।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि होमगार्ड जवानों को वर्षभर में 12 आकस्मिक अवकाश दिए जाएंगे। साथ ही होमगार्ड स्वयंसेवकों के कंपनी कार्यालय, ट्रांजिट कैंप व इमरजेंसी सर्च एवं रेस्क्यू सेंटर के लिए प्रदेश के कुल नौ स्थानों पर आवंटित भूमि पर निर्माण कार्य के लिए 13 करोड़, 12 लाख रुपये दिए जाएंगे।
सीएम धामी ने एलान करते हुए कहा कि इसके अलावा विभागीय मोटरसाइकिल दस्ते के लिए 21 नई मोटरसाइकिल क्रय की जाएंगी। पुलिस कर्मियों व एनडीआरएफ की तरह 9000 फीट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ड्यूटी करने वाले होमगार्ड जवानों को 200 रुपये प्रतिदिन की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का एलान भी किया।
ननूरखेड़ा स्थित होमगार्ड मुख्यालय में स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नवनियुक्त महिला होमगार्ड को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी व होमगार्ड के कमांडेंट जनरल केवल खुराना भी उपस्थित रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›