Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी के होटल में खौफनाक वारदात: काशीपुर निवासी सुखवंत सिंह ने फेसबुक लाइव के बाद की खुदकुशी

हल्द्वानी के काठगोदाम में काशीपुर निवासी सुखवंत सिंह ने सुसाइड किया। फेसबुक लाइव पर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। पत्नी और बच्चे के सामने चली गोली। पढ़ें पूरी खबर।

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित काठगोदाम थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के गौलापार स्थित देवभूमि होटल में ठहरे काशीपुर निवासी सुखवंत सिंह ने शनिवार देर रात अपनी पत्नी और 12 वर्षीय मासूम बच्चे के सामने खुद को गोली मार ली। इस आत्मघाती कदम से होटल परिसर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।
घटना के समय सुखवंत सिंह मानसिक रूप से काफी परेशान बताया जा रहा था। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, वह पहले परिजनों के सामने ही हथियार लहरा रहा था। पत्नी और बच्चे ने उसे रोकने के लिए काफी छीना-झपटी की, जिससे उन्हें मामूली चोटें भी आईं। जब वे मदद के लिए रिसेप्शन की ओर भागे, तभी कमरे से गोली चलने की आवाज आई और मौके पर ही सुखवंत की मौत हो गई।
खुदकुशी करने से ठीक पहले मृतक ने फेसबुक लाइव आकर पुलिस प्रशासन पर सनसनीखेज आरोप लगाए। वीडियो में उसने ऊधम सिंह नगर पुलिस और एसएसपी पर मानसिक प्रताड़ना और एक प्रॉपर्टी विवाद में पक्षपात करने का दावा किया। मृतक का आरोप था कि उसे 4 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े में जबरन फंसाया जा रहा है, जिससे वह तनाव में था।
दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि सुखवंत सिंह पर काशीपुर में धोखाधड़ी के करीब पांच मुकदमे दर्ज थे। वर्तमान में पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और कमरे से हथियार बरामद कर लिया गया है। हल्द्वानी पुलिस अब फेसबुक लाइव वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला गहरे मानसिक तनाव और कानूनी दबाव का लग रहा है। प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है ताकि सच सामने आ सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›