अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ में सनसनी: शादी समारोह में विवाद के बाद पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी को उतारा मौत के घाट
पिथौरागढ़ के अस्कोट में खौफनाक वारदात। शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी की हत्या की। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी।
पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ थाना अस्कोट क्षेत्र के घिंघरानी गांव में एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर नृशंस हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और खुशियां मातम में बदल गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाल सीमा से सटे द्वालीसेरा गांव में बुधवार रात एक शादी समारोह चल रहा था। इस समारोह में स्थानीय निवासी 50 वर्षीय भुवन प्रसाद अपनी पत्नी गीता देवी (38) के साथ शामिल होने आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के बीच में ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर भुवन ने पास रखी कुल्हाड़ी से गीता देवी पर हमला कर दिया।
हमला इतना घातक था कि गीता देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस खौफनाक मंजर को देखकर परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण वहां एकत्र हुए। सूचना मिलते ही अस्कोट थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी भुवन प्रसाद की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी सी बात पर इस तरह की हिंसक घटना ने सबको स्तब्ध कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
