Report by : Paras Bisht
Published at :
काठगोदाम में पड़ोसी ने दुकानदार से गाने की तेज आवाज कम करने के लिए कहा तो काट दी उसकी अंगुली

आरोपी दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पड़ोसी से मारपीट भी कर दी
हल्द्वानी। काठगोदाम थानाक्षेत्र में एक व्यक्ति को पड़ोसी दुकानदार से गाने की तेज आवाज कम करने को कहना महंगा पड़ गया। गुस्साए दुकानदार ने व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं दुकानदार ने उसके दाहिने हाथ की अंगुलियों को अपने मुंह दबा लिया। हाथ की एक अंगुली दांत से काटकर अलग कर दी। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तुलसी नगर पॉलीशीट वार्ड नंबर-5 निवासी महेंद्र सिंह ठकुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पड़ोस में जयराज खड़का पुत्र लाल सिंह खड़का निवासी कुमाऊं कॉलोनी दमुवाढूंगा की बिजली के सामान की दुकान है। आरोप है कि दुकानदार रात में अक्सर तेज आवाज में गाने बजाता है। इससे बच्चों को पढ़ाई करने में दिक्कत होती है। कहा, जयराज 8 नवंबर की रात करीब साढ़े 930 बजे भी तेज आवाज में गाने बजा रहा था। बच्चों के स्कूल में टेस्ट चल रहे थे तो वह पढ़ाई कर रहे थे। इसीलिए वह जयराज से गाने की आवाज कम करने के लिए कहने गए। इस पर जयराज भड़क गया। गाली गलौज करते हुए हाथापाई पर शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी ने उनके दाहिने हाथ की एक अंगुली दांत से काटकर अलग कर दी। अंगुली हाथ से अलग होकर जमीन पर गिर गई। उनके चीखने-चिल्लाने पर परिवार के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। परिजनों ने जमीन पर पड़ी अंगुली को काफी देरतक ढूंढने के बाद मिली। इसके बाद एक निजी अस्पताल में इलाज के बाद बेस अस्पताल में इलाज कराया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›