Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड एसटीएफ ने साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़, तीन विदेशी गिरफ्तार

देहरादून। साइबर ठगों ने देहरादून के एक शख्स को महिला से दोस्ती और निवेश के बहाने 1.10 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी साइबर क्राइम अंकुश मिश्रा ने बताया कि जुलाई 2025 में पीड़ित की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम और व्हाट्सएप पर एक महिला से दोस्ती हुई। महिला ने खुद को फर्नीचर और निवेश के कारोबार से जुड़ा बताया और ‘पीयू प्राइम’ नामक एक कथित ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश का झांसा दिया।
शुरुआत में महिला ने भरोसा जीतने के लिए पीड़ित को 20 हजार रुपये का लाभ दिलवाया। इसके बाद बड़ी-बड़ी रकम निवेश करने को कहा गया। पीड़ित ने इस पर विश्वास करते हुए जुलाई से अगस्त 2025 के बीच कुल 1.10 करोड़ रुपये निवेश कर दिए।
जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने पूरे धन पर टैक्स जमा करने का झांसा देकर और रुपये मांगे। तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस से शिकायत की।
डीएसपी मिश्रा ने बताया कि यह अपराध का नया तरीका है, जिसमें साइबर ठग सोशल मीडिया के माध्यम से पहले दोस्ती करते हैं, फिर निवेश का लालच देकर भारी रकम ठग लेते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी अंजान व्यक्ति की बातों में आकर निवेश न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
यह मामला फिर साबित करता है कि जरा-सी असावधानी आर्थिक तबाही का कारण बन सकती है। साइबर पुलिस ने नागरिकों को जागरूक और सतर्क रहने की सलाह दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›