Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी पुलिस चौकी में ड्यूटी छोड़ जुआ खेल रहे थे पुलिस कर्मी, चौकी प्रभारी समेत 5 लाइन हाजिर

एसपी सिटी ने रात में मारा छापा, पुलिस कर्मियों में मचा हड़कंप
हल्द्वानी। ड्यूटी छोड़कर चौकी के अंदर ताश के पत्ते फेंटकर जुआ खेल रहे चौकी इंचार्ज और उनके साथी स्टाफ को एसपी सिटी ने औचक निरीक्षण में रंगे हाथ पकड़ लिया। मामले की रिपोर्ट मिलने पर एसएसपी ने भी अपने स्तर से जांच कराई। पुष्टि होने पर एसएसपी ने हल्द्वानी की पूरी लामाचौड़ रिपोर्टिंग पुलिस चौकी को लाइन हाजिर कर दिया। मंगलवार रात इसके निर्देश जारी किए गए।
22 जनवरी,सोमवार की रात करीब दो बजे एसपी सिटी हरबंस सिंह मुखानी थाना क्षेत्र में औचक निरीक्षण पर निकले थे। जब वह लामाचौड़ रिपोर्टिंग पुलिस चौकी क्षेत्र में पहुंचे तो उन्हें सड़क पर कोई पुलिस कर्मी ड्यूटी करता नजर नहीं आया। एसपी सिटी चौकी के अंदर पहुंचे तो चौकी इंचार्ज, चौकी के हेड कांस्टेबल और तीन कांस्टेबल जुआ खेलते पाए गए। अपने अधिकारी को अचानक सामने खड़ा देखकर इन सभी पुलिस कर्मियों के होश उड़ गए।
एसपी सिटी ने सोमवार देर रात ही घटनाक्रम की जानकारी एसएसपी प्रह्वाद नारायण मीणा को दी। मंगलवार को एसएसपी मीणा ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने और अनुशासनहीनता के आरोप में चौकी इंचार्ज सुनील गोस्वामी, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल शंकर सिंह, धीरज सुगड़ा और चालक कांस्टेबल सोबन सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›