Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में महिला गिरोह ने शेयर मार्केट के नाम पर ठगे 19 लाख, फेसबुक-व्हाट्सएप से रचा जाल

हल्द्वानी। जालसाजी के मामलों में अब महिलाएं भी सक्रिय रूप से शामिल हो रही हैं और पुरुषों को आसानी से जाल में फंसा रही हैं। ताजा मामला मुखानी थाना क्षेत्र का है, जहां गैस गोदाम रोड निवासी एक व्यक्ति से महज नौ दिन में करीब 19 लाख रुपये हड़प लिए गए।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे फेसबुक पर एक महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। बातचीत के बाद उसने शेयर मार्केट में निवेश करने को कहा। मना करने पर महिला ने अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति बताई और केवल प्वाइंट्स दिलाने का हवाला दिया। इसके बाद पीड़ित को 24 अगस्त को एक महिला ने व्हाट्सएप कॉल कर “टीम लूनो” नामक ग्रुप में जोड़ दिया।
विश्वास दिलाने के लिए ठगों ने पहले दस हजार रुपये लेकर 12,019 रुपये वापस किए। फिर 15 हजार लेकर 19,495 रुपये लौटाए। इसके बाद पीड़ित को दूसरे ग्रुप में जोड़ा गया और लगातार रकम निवेश कराने लगी। धीरे-धीरे चार सितंबर तक अलग-अलग खातों में करीब 19 लाख रुपये जमा करा दिए गए।
जब पीड़ित ने पैसों की जरूरत के चलते रकम निकालने की बात कही, तो ठगों ने सात दिन लगातार ट्रेडिंग करने और अनुबंध के नियमों का पालन करने की शर्त रखी। संदेह होने पर पीड़ित ने साइबर पुलिस में शिकायत की। एसओ मुखानी दिनेश जोशी ने बताया कि मामले में अज्ञात महिलाओं समेत अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›