हल्द्वानी
हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में वार्डवार जन सुविधा शिविर आयोजित
हल्द्वानी। जिलाधिकारी वंदना के निर्देशन में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से नियमित रूप से वार्डवार जन सुविधा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को वार्ड संख्या 13 और 14 में शिविरों का सफल आयोजन हुआ। शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित किए गए।
शिविरों के दौरान नागरिकों ने आपूर्ति व्यवस्था से संबंधित शिकायतें, राशन कार्ड में नाम जोड़ने-हटाने तथा नए राशन कार्ड जारी करने जैसी समस्याएँ प्रमुख रूप से उठाईं। अधिकारियों ने कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
आधार सेवा से संबंधित कार्यों के अंतर्गत कुल 42 आधार कार्ड बनाए एवं संशोधित किए गए। पूर्ति विभाग से जुड़े 36 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राशन कार्ड बनवाने और नाम जोड़े जाने के प्रार्थनापत्र शामिल थे। इसके अतिरिक्त यूसीसी के 9 आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त जी. के. भट्ट, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड संख्या 13 की पार्षद श्रीमती मुन्नी कश्यप और वार्ड संख्या 14 के पार्षद धर्मवीर मौजूद रहे। पार्षदों ने जिला प्रशासन का आभार जताया।
जन सुविधा शिविरों के माध्यम से नागरिकों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, विवाह पंजीकरण, बिजली-पानी जैसी आवश्यक सेवाओं का लाभ वार्ड स्तर पर ही मिल रहा है। जिला प्रशासन ने अपील की है कि अधिक से अधिक लोग इन शिविरों में पहुँचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएँ।
