Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार में दोस्त निकला कातिल, पिता के साथ मिलकर युवक को लगाया ठिकाने

हरिद्वार। भेल के सेक्टर एक में मिले युवक अनिकेत के शव को ठिकाने लगाने में दोस्त शुभम के पिता ने भी भूमिका अदा की थी। यह खुलासा होने पर ज्वालापुर पुलिस ने शुभम के साथ उसके पिता को भी गिरफ्तार कर लिया। चार दिन पूर्व भेल के सेक्टर एक में बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पीछे एक युवक का हाथ-पांव बंधा शव मिला था।
मृतक की पहचान अनिकेत साहू उर्फ चीकू निवासी शरीफनगर मोहल्ला तेलियान ज्वालापुर के रूप में हुई थी। सामने आया था कि मृतक को आखिरी बार उसके दोस्त के साथ देखा गया था। पुलिस ने जब उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की तब उसने बताया था कि अनिकेत ने उससे चालीस हजार रुपये लिए थे, जिसे वह लौटा नहीं रहा था। 31 तारीख को उसने अनिकेत को अपने घर ले जाकर बंधक बना लिया था, जिसके बाद उसने तार से उसका गला दबाकर हत्या कर दी थी। आरोप है अनिकेत के शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने अपने पिता की मदद ली थी। मृतक के हाथ पांव बांधकर पिता-पुत्र ने शव को स्कूटर पर लादकर ले जाकर फेंक दिया था। मृतक के पिता राजेंद्र सिंह ने इस संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कराया था।
कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि आरोपी शुभम के अलावा उसके पिता राम अवतार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया कि एक डीवीआर, हत्या में प्रयुक्त तार और एक चाकू भी बरामद हुआ है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›