Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार में ट्रैक्टर ट्राली से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत, ग्रामीणों का हंगामा

दूसरी बाइक पर सवार सिपाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते सिपाही को घेरा, पुलिस ने छुड़वाया
हरिद्वार। लक्सर मार्ग पर बुक्कनपुर में ओवरटेक करने के दौरान ट्रैक्टर ट्राली से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पास में ही दूसरी बाइक पर सवार सिपाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। इसके बाद शव को सड़क पर रखकर जाम भी लगाया। एसपी देहात सहित आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सिपाही को भी पुलिस ने भीड़ से छुड़ाया।
पुलिस के मुताबिक, लक्सर के गांव खेड़ी निवासी अजीम अपनी पत्नी व बच्चों के साथ बाइक पर धनपुरा की तरफ से अपने घर लौट रहा था। दूसरी तरफ से पथरी थाने में तैनात सिपाही प्रमोद बिष्ट मुल्जिम डयूटी कर लक्सर से लौट रहा था। बुक्कनपुर गांव के बाहर ओवरटेक करने के दौरान अजीम नीचे गिर गया और ट्रैक्टर ट्राली का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि पत्नी व बच्चे घायल हो गए।
इसके बाद ग्रामीणों ने दूसरी बाइक पर सवार सिपाही को घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया। सिपाही को घेरने और जाम लगाकर हंगामा करने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह, पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
लक्सर व खानपुर से भी पुलिस बुलानी पड़ी। आरोपित बताए जा रहे सिपाही को हिरासत में लेने के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर पुलिस ने बमुश्किल शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने हादसे की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया है। जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि हादसा ओवरटेक करने के दौरान हुआ है। ट्रैक्टर ट्राली से कुचलकर युवक की मौत हुई है। मृतक के स्वजन तहरीर देते हैं तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›