Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार में उद्योगपति से उसके ही कर्मचारी ने मांगी एक करोड़ की रंगदारी

रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज
हरिद्वार। सिडकुल के एक उद्योगपति से उनकी दिल्ली स्थित दुकान के एक कर्मचारी ने फोन पर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अश्वनी गर्ग पुत्र लब्भुराम गर्ग निवासी सिडकुल ने शिकायत में बताया कि वे वर्ष 2014 से दवा कंपनी चला रहे हैं। दिल्ली वाली दुकान पर रोहित नाम का एक युवक काम करता था। आरोप है कि दो अन्य युवकों ने दुकान से करीब दो करोड़ रुपये की धीरे-धीरे दवाइयां चोरी कर ली थीं। सभी के खिलाफ कोतवाली चांदनी चौक में मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोप लगाया कि रोहित कुमार ने उसके फोन पर ऐप के जरिये कॉल कर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और चोरी का मुकदमा वापस लेने की बात कही। दोनों ही मांग पूरी न होने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
उद्यमी का आरोप है कि जो लोग उनकी दुकान से करोड़ों रुपये की चोरी कर सकते हैं तो वो कुछ भी कर सकते हैं। थाना प्रभारी नरेश राठौड़ ने बताया कि रोहित और उसकी पत्नी निवासीगण सोनी बाजार रोड तीसरा पुस्ता सोनिया दिल्ली, नरसिंह मौर्य एवं शत्रुघन निवासी गण सिडकुल के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›