Report by : CWN Desk
Published at :
कुमाऊनी शैली में होगा भवाली बाजार का सौन्दर्यकरण

जिला प्रशासन की तरफ से बजट मुहैया कराया जाएगा: संजय वर्मा
(कमल जगाती)
नैनीताल। उत्तराखंड में नैनीताल के भवनों और दुकानों के सौन्दर्यकरण के बाद अब भवाली की बाजार का सौन्दर्यकरण होने जा रहा है। भवाली नगर पालिका चैयरमैन संजय वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन की तरफ से बजट मुहैय्या कराया जाएगा और कमी पड़ने पर पालिका सहयोग करेगी।
नैनीताल के भवाली में बाजार का कुमाउँनी पहाड़ी प्राकृतिक शैली में सौन्दर्यकरण होने की योजना बनाई गई है। जिला प्रशासन अब भवाली को पहाड़ी शैली में खूबसूरत बनाने जा रहा है। नैनीताल में पहले मल्लीताल की खड़ी बाजार, फिर तल्लीताल बाजार, बस अड्डा और अब राम सेवक सभा क्षेत्र का सौन्दर्यकरण किया जा रहा है। इस काम को काफी सराहा जा रहा है। भवाली पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा ने कहा कि भवाली में जसुलीदेवी धर्मशाला का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, उसी तर्ज पर जिला प्रशासन मुख्य चौराहे से देवी मंदिर तक बाजार को कुमाउँनी शैली में ढालेगा।  उन्होंने बताया कि लंबे समय से व्यापारियों और लोगों की मांग थी। सातताल, नैनीताल और मुक्तेश्वर को पर्यटक भवाली से होकर, गुजरते हैं। कुमाऊं की पारंपरिक शैली और विधाओं से बाजार को सजाने पर एक अलग ही आकर्षण देखने को मिलेगा, जिससे पर्यटक बढ़ेंगे और व्यवसाय बढेगा। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के माध्यम से बजट की व्यवस्था की जा रही है, नगर पॉलिका भी बजट की कमी नही हिने देगा। इससे क्षेत्र के व्यापारियों और जनता को लाभ मिलेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›