नैनीताल
नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में हंगामा, हाईकोर्ट ने दिए पुनः मतदान के आदेश
नैनीताल। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान हुए बवाल ने राजनीतिक भूचाल मचा दिया है। मंगलवार को मतदान के बीच विवाद और हंगामे के बाद मामला सीधे हाईकोर्ट पहुंच गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि उसके कई जिला पंचायत सदस्यों का अपहरण कर लिया गया है, जिससे वे मतदान में शामिल नहीं हो सके। हाईकोर्ट में इस पर सुनवाई हुई, जहां न्यायालय ने मामले को गंभीर मानते हुए चुनाव दोबारा कराने का आदेश दिया। अदालत ने लापता सदस्यों का अब तक पता न लगने पर नाराज़गी भी जताई। कांग्रेस का कहना है कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ है और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, एसएसपी ने बयान दिया कि उन्होंने इस प्रकरण से जुड़ा कोई वीडियो नहीं देखा है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिले में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, जबकि सभी की निगाहें नए मतदान की तारीख और आगे की रणनीति पर टिकी हैं।
